भारत-नेपाल सीमा से सटे फुलकाहा थाना क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त छापेमारी में कथित गांजा तस्कर बैजनाथ बहरदार के घर से 2 किलो 42 ग्राम गांजा और ₹10,88,700 नकद बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है, जबकि मुख्य आरोपी और उसका पुत्र फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
समाचार
नरपतगंज (अररिया)। भारत-नेपाल सीमा से सटे फुलकाहा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त अभियान चलाकर कथित गांजा तस्कर बैजनाथ बहरदार के घर छापेमारी की। इस कार्रवाई में 2 किलो 42 ग्राम गांजा और ₹10,88,700 नकद बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से बैजनाथ बहरदार की दोनों पत्नियों अमला देवी और सीमा देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मुख्य आरोपी बैजनाथ बहरदार और उसका पुत्र पंकज बहरदार कार्रवाई के दौरान फरार हो गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर फुलकाहा थाना पुलिस ने एसएसबी के सहयोग से मिल्की डुमरिया वार्ड-03 स्थित आवास पर संयुक्त अभियान चलाया। तलाशी के दौरान घर से मादक पदार्थ और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। बरामद नकदी की गिनती एवं सत्यापन के लिए नरपतगंज के राजस्व अधिकारी (मजिस्ट्रेट) रामउदगार चौपाल को मौके पर बुलाया गया। उनकी उपस्थिति में नकदी की गिनती की गई तथा बरामद गांजे का वजन कर जब्ती की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने किया। अभियान में अपर थानाध्यक्ष गुलशन कुमार, उपनिरीक्षक रंजना कुमारी, उपनिरीक्षक रमेश कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक प्रदीप भारती, महिला पुलिस बल तथा एसएसबी के बीओपी फुलकाहा के प्रभारी सहायक सेनानायक राणा कुमार के निर्देशन में उपनिरीक्षक रतन कुमार ब्रह्मा सहित अन्य जवान शामिल रहे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बैजनाथ बहरदार और उसका पुत्र पंकज बहरदार पूर्व से ही मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में आरोपित रहे हैं। दोनों के विरुद्ध फुलकाहा थाना सहित विभिन्न थानों में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कथित रूप से अवैध कारोबार के माध्यम से संपत्ति अर्जित किए जाने की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी की गतिविधियों की चर्चा होती रही है। गुरुवार को हुई संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र की प्रमुख पुलिस कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच जारी है और बरामदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अनुमंडल पदाधिकारी, फोर्बेसगंज ने बताया कि छापेमारी के दौरान गांजा और नकदी की बरामदगी हुई है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के क्रम में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की जांच जारी है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
